शहडोल। जिले में GNS फाइनेंशियल सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी पर निवेशकों से धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद शहडोल संभाग की आयुक्त श्रीमती सुरभि गुप्ता ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं और आम नागरिकों से केवल अधिकृत एवं सुरक्षित वित्तीय संस्थानों में ही निवेश करने की अपील की है।
क्या है मामला
धनपुरी, सरई कापा निवासी संतोष वर्मन ने कंपनी के एजेंटों के बहकावे में आकर 10 लाख रुपये निवेश किए। कंपनी ने उन्हें बताया कि यह राशि मोतीलाल ओसवाल, मुंबई में लगाई जाएगी और बदले में 10 हजार रुपये महीना ब्याज मिलेगा, साथ ही 5 साल में पैसा दोगुना हो जाएगा। लेकिन जांच में पता चला कि 7 लाख रुपये का चेक भरकर एजेंट विजय पाल ने अपनी जेब में डाल लिया, जबकि 3 लाख रुपये कंपनी की निजी PSC-FD में जमा कर दिए। कंपनी का कार्यालय बुढ़ार थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा के ऊपर किराए के मकान में चल रहा है।
इसी तरह करकटी रोड, गोपालपुर निवासी मोहन सिंह से 30 लाख रुपये लेकर उन्हें 30 हजार रुपये महीना ब्याज, 15 हजार रुपये की नौकरी और 5 साल में राशि दोगुनी करने का झांसा दिया गया। डेढ़ साल बाद जब उन्होंने पैसा वापस मांगा तो कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए और कहा “पैसा डूब गया, अब मत आना”।
आयुक्त ने दिए जांच के आदेश
शहडोल कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संतोष वर्मन का मामला कलेक्टर शहडोल को और मोहन सिंह का मामला उप पुलिस महानिरीक्षक, शहडोल जोन को जांच हेतु भेज दिया है। कंपनी के एजेंट सुखनंदन यादव, सरोज यादव, मुकेश यादव, विजय पाल और मोहम्मद अमीम के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
नागरिकों से अपील
साप्ताहिक जनसुनवाई में अक्सर ऐसे धोखाधड़ी के मामले आते हैं, यह कहते हुए आयुक्त ने नागरिकों से क्या अपील की, वो भी पढ़े -
- किसी भी अनजान व्यक्ति के प्रलोभन पर बिना सत्यापन भरोसा न करें।
- आधार, पैन, वोटर आईडी, बैंक डिटेल, OTP जैसे दस्तावेज शेयर न करें।
- संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
- सेवानिवृत्त कर्मी अपनी जमा पूंजी केवल राष्ट्रीयकृत बैंक, पोस्ट ऑफिस जैसी अधिकृत संस्थाओं में ही निवेश करें। “कम समय में दोगुना पैसा” का लालच देकर धोखा देने वाली कंपनियों से बचें।
करीब एक माह पहले हुई शिकायत के बाद भी पुलिस अब कार्रवाई के नाम पर पीड़ितों को सिर्फ जाँच का हवाला दिया जा रहा है।
0 Comments